
Gumla : गुमला जिले के सदर अस्पताल से बीती रात एक 14 दिन की नवजात बच्ची चोरी हो गई. यह घटना अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड में हुई, जहां बच्ची इलाज के लिए भर्ती थी. बच्ची की चोरी की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया.
सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि नर्स की ड्रेस में एक महिला, जिसने मास्क पहना हुआ था, अस्पताल में दाखिल हुई. वह सीधे एसएनसीयू वार्ड पहुंची और बच्ची की मां से टीकाकरण के बहाने बच्ची को ले गई. उसने मां से कहा कि वह नीचे पति को भेज दे, पर जब मां नीचे पहुंची, तो महिला गायब हो चुकी थी.
महिला बच्ची को लेकर नीचे आई और पहले से इंतजार कर रहे एक बाइक सवार युवक के साथ फरार हो गई. सीसीटीवी में बाइक का नंबर कैद हो गया, जिसके आधार पर पूरे शहर में नाकेबंदी की गई. गुमला पुलिस की तत्परता से करीब ढाई घंटे में बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया. साथ ही महिला और बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
SP हारिस बिन जमा ने बताया कि बच्ची सुरक्षित है और माता-पिता को सौंप दी गई है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया. बच्ची का जन्म 30 मई को सिसई रेफरल अस्पताल में हुआ था.
