
Adityapur.आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर, रोड नंबर 3 में शनिवार को एक दुखद घटना सामने आयी है. यहां एक छात्र ने खुदकुशी कर अपनी जान दे दी. शुभम हरिओम नगर में किराए के मकान में रहता था. यहां उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शुभम स्थानीय श्रीनाथ कॉलेज में बीबीए का छात्र था और पढ़ाई के दौरान अकेले ही किराए के मकान में रहता था. उसके परिजन कोलकाता में रहते हैं.
परिजनों को जब शनिवार को शुभम का फोन नहीं लगा तो उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक सत्यनारायण ठाकुर को दी. मकान मालिक ने जब शुभम के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो वह बंद पाया गया. आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और अंदर पहुंचने पर शुभम को पंखे से फंदे में झूलता हुआ पाया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल, परिजनों को भी इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है और मृतक के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है.
