Site icon Lahar Chakra

Adityapur: आदित्यपुर वार्ड 9 की पार्षद प्रत्याशी ने प्रेमी के साथ फरार होने की बात से किया इनकार, दर्ज करायी शिकायत, पति पर लगाये गंभीर आरोप, जानें पूरा मामला

Adityapur. आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने खुद के ‘प्रेमी संग फरार’ होने की बात को पूरी तरह से सिरे से खारिज कर दिया है. शुक्रवार को आरआईटी थाने पहुंचकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कहीं फरार नहीं हुई थीं, बल्कि चुनावी कार्यों और व्यय कोषांग में हिसाब देने में व्यस्त थीं. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को विरोधियों द्वारा रची गई चुनावी साजिश करार दिया है. वार्ड नंबर 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने अपने पति राकेश मार्डी पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है.

राखी के अनुसार उनके और उनके पति के बीच पिछले 6 महीनों से संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं. पति को उनका चुनाव लड़ना पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने अनर्गल आरोप लगाए. राखी ने दावा किया कि उनके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है, जिसका विरोध करने पर उन्हें इस तरह बदनाम किया जा रहा है. राखी मार्डी ने इस पूरे प्रकरण को लेकर आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मांग की है कि चुनाव के समय उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वालों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए.

पति ने की थी शिकायत
राखी मार्डी के पति राकेश मार्डी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रेमचंद मार्डी नामक व्यक्ति ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया है. राकेश का दावा है कि उनकी पत्नी के साथ उनकी नाबालिग बेटी भी है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है. इस मामले को लेकर राकेश मार्डी ने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी.

Exit mobile version