Site icon Lahar Chakra

Adityapur Crime: गम्हरिया के बाबू दास पर फायरिंग मामले में दो अपराधी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त पिस्तौल भी बरामद, चार लोगों पर पत्नी ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी

Adityapur. आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा के देसी ढाबा में शुक्रवार की रात गम्हरिया निवासी बाबू दास पर फायरिंग मामले में दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेस कर जानकारी दी कि आरोपियों में गम्हरिया के साईं कल्पना फ्लैट के पीछे स्थित बस्ती निवासी अजय बहादुर उर्फ अज्जू थापा व आदित्यपुर सतबोहनी काली मंदिर निवासी आनन्द दूबे को गिरफ्तार किया गया. घटना में प्रयुक्त पिस्तौल भी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया. एसपी श्री लुणायत ने बताया कि सात फरवरी को रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा स्थित देसी ढाबा में बाबू दास को अजय बहादूर उर्फ अज्जू थापा व आनन्द दूबे ने गोली मार दी व फरार हो गये. घायल बाबू दास को उनके स्वजन ने टीएमएच में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

बाबू दास की पत्नी सुष्मिता देवी ने अजय बहादूर, आनन्द दूबे, देवाशीष दास व संतोष थापा के खिलाफ आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ समीर संवैया के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन हुआ. अनुसंधान के क्रम में तकनीकी प्रशाखा का उपयोग करते हुए अजय व आनन्द को सोमवार की रात गिरफ्तार किया गया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है.

Exit mobile version