Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मिले रघु महतो के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वेतन में मिले रुपये लूटने के उद्देश्य से आरोपियों ने रघु महतो को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर शव को कृषि विज्ञान केंद्र के पास छोड़ दिया। बुधवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। गौरतलब है कि मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान शांतिनगर निवासी रघु महतो के रूप में हुई। इसके बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 287/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि मृतक और तीनों आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे। वेतन मिलने के बाद रुपये लूटने के इरादे से आरोपियों ने रघु महतो को शराब पिलाई और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के पास छोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में शंकर सरदार, रवि महतो और भीम महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मृतक से लूटे गए 11 हजार रुपये, उसका एंड्रॉयड मोबाइल फोन और शर्ट बरामद की गई है। इसके अलावा तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
छापेमारी दल में एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे।
