
Adityapur. नशीले पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े ₹7,59,650 नकद बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि ब्राउन शुगर की बिक्री से जुड़े पैसों की बरामदगी के मामले में यह सरायकेला जिला पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
एसपी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती निवासी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के घर पर ब्राउन शुगर की बिक्री से प्राप्त रकम का हिसाब-किताब किया जा रहा है। सूचना के आधार पर तड़के विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद आरोपी छत के रास्ते भागने लगे। भागने के दौरान उन्होंने पैसों से भरे छोटे-छोटे झोले आसपास फेंक दिए, लेकिन पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई जारी रखी।
पुलिस ने घेराबंदी कर आजाद अंसारी, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई, को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और ₹7,59,650 नकद बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि ब्राउन शुगर के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
