Lahar Chakra

Air Ambulance Crash: एयर एम्बुलेंस क्रैश स्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मृतकों के आश्रितों से मिले. बोले- खराब मौसम में उड़ान भरने की अनुमति कैसे दी? जांच होगी

Chatra.चतरा में एयर एम्बुलेंस क्रैश स्थल पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी मंगलवार को पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बात की जांच करेगी कि ‘’खराब मौसम’’ में विमान को उड़ान भरने की अनुमति कैसे दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि खराब मौसम इसका एक कारण हो सकता है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त किया। गंगवार ने कहा, ‘एयर एम्बुलेंस दुर्घटना की खबर बेहद दुखद है। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति। चतरा जिले के सिमरिया के पास एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

‘रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट सी90 एयर एम्बुलेंस रांची से दिल्ली जा रही थी, तभी सोमवार शाम को यह सिमरिया के जंगली इलाके में स्थित बरियातु पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो पायलट सहित विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार के रूप में हुई है।

Exit mobile version