Site icon Lahar Chakra

झारखंड के 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

रांची.  झारखंड का मौसम इन दिनों जिले-जिले में अलग-अलग हो जा रहा है. कहीं बारिश हो जा रही है तो कहीं गर्म हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर रही है. लगभग हर दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्से में मौसम का मिजाज अलग देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज राजधानी रांची में मौसम का मिजाज बदलेगा.

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 12 मई को राज्य के दक्षिणी औैर मध्य क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. इस दायरे में पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है.

तेज हवा और बारिश से इतर राज्य के पूर्वी क्षेत्र अंतर्गत देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्‌डा में हीट वेव चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में आंधी और गर्जन के साथ तेज हवा चलने की बात कही है. वहीं कुछ क्षेत्रों में हीट वेव चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है. अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी की संभावना जताई गई है.

मौसम केंद्र का कहना है कि हीट वेव के दौर के बाद मौसम का मिजाज फिर बदलेगा. 15 मई से बारिश की संभावना है. 17 मई तक रांची सहित कई क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. इधर, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रांची के मांडर में 12.8 एमएम दर्ज की गई. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पाकुड़, गोड्‌डा औैर सरायकेला का दर्ज किया गया.

Exit mobile version