बोतला और पारुलिया गांव में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, ओडिशा में बिक्री के लिए निर्मित विदेशी शराब और बीयर भी बरामद; टीम को देखकर विक्रेता फरार
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए डुमरिया और मुसाबनी थाना क्षेत्र के दो गांवों में छापेमारी की। इस दौरान ओडिशा में बिक्री के लिए निर्मित विदेशी शराब, बीयर और अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। छापेमारी के दौरान शराब बेचने वाले मौके से फरार हो गए।
उत्पाद विभाग के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर डुमरिया थाना क्षेत्र के बोतला गांव और मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया गांव में छापेमारी की गई। यह कार्रवाई निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला क्षेत्र के पर्यवेक्षण में की गई।
ओडिशा में बिक्री के लिए निर्मित शराब भी बरामद
छापेमारी के दौरान कुल 27.450 लीटर विदेशी शराब, 650 मिलीलीटर की 69 बोतल बीयर और 35 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। इसके अलावा ओडिशा में बिक्री के लिए निर्मित ‘रॉयल मेनशन’ ब्रांड की 44.850 लीटर शराब भी बरामद हुई।
उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही मौके पर मौजूद शराब विक्रेता फरार हो गए। इस कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
फरार विक्रेताओं के खिलाफ दर्ज होगा मामला
विभाग की ओर से बताया गया कि फरार शराब विक्रेताओं के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
