
Koderma : सदर थाना क्षेत्र के कोडरमा बाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से सोमवार को पैसे निकालकर बाहर निकले एक वृद्ध से अपराधियों ने 30 हजार रुपये लूट लिए. पीड़ित की पहचान कोडरमा क्षत्रिय धर्मशाला के पास रहने वाले बाबूलाल शर्मा के रूप में हुई है.
बाबूलाल शर्मा ने बताया कि वे अपने पैतृक गांव चोपनाडीह (मरकच्चो) में बोरवेल का काम करवा चुके थे और उससे संबंधित सामान की खरीदारी के लिए बैंक से पैसे निकालने आए थे. उन्होंने अपने खाते से 30 हजार रुपये निकाले और बैंक से बाहर निकले ही थे कि दो बाइक सवार युवकों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए.
बैग में नकदी के अलावा बैंक पासबुक और कुछ जरूरी कागजात भी थे. घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी मिली कि आरोपी झुमरीतिलैया की ओर भागे हैं. इसके बाद तिलैया थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास जांच अभियान चलाया गया, लेकिन अपराधी पकड़े नहीं जा सके. फिलहाल कोडरमा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और अपराधियों की तलाश जारी है.
