Lahar Chakra

Archery Premier League: भारत की पहली आर्चरी प्रीमियम लीग के लिए Tata Steel ने अपनी टीम ‘चेरो आर्चर्स’ को किया लॉन्च

Jamshedpur. भारत की पहली आर्चरी प्रीमियम लीग (एपीएल) के लिए टाटा स्टील ने अपनी टीम ‘चेरो आर्चर्स’ को गुरुवार को लॉन्च किया. नई दिल्ली में हुए इस भव्य आयोजन में भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, महासचिव वीरेन्द्र सचदेवा और राष्ट्रीय कोच मौजूद की मौजूदगी में टीम की लांचिंग हुई। टाटा स्टील की ओर से डीबी सुंदरा रामम वीपी सीएस, मुकुल विनायक चौधरी और पूर्णिमा महतो ने हिस्सा लिया.

डीबी सुंदरा रामम ने कहा – “टाटा स्टील में खेल जीवन का हिस्सा हैं. आर्चरी प्रीमियर लीग भारतीय खेल जगत के लिए ऐतिहासिक क्षण है और हमें गर्व है कि ‘चेरो आर्चर्स’ झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही है. टीम का लोगो इस्पात-सी मजबूती, पारंपरिक आदिवासी कला और जीत की ओर अग्रसर दृष्टिकोण को दर्शाता है. हर टीम में 8 खिलाड़ी (4 रिकर्व और 4 कंपाउंड) होंगे, जिनमें 2 अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज भी शामिल होंगे. कुल 48 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.

इस लीग में देशभर से छह टीमें भाग लेंगी, महाराष्ट्र के माईटी मराठाज, तेलंगाना के काकतिया नाइट्स, राजस्थान के राजपुताना रॉयल्स, तमिलनाडु के चोला चीफ्स, झारखंड के चेरो आर्चर्स और दिल्ली के पृथ्वीराज योद्धा. इन टीमों के जरिए सभी को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत की भव्य झलक देखने को मिलेगी.

पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, देश भर के तीरंदाजी प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है कि जल्द ही देश की पहली आर्चरी प्रीमियर लीग की शुरुआत होने जा रही है. इस ऐतिहासिक लीग का उद्देश्य न केवल भारतीय आर्चरी प्रतिभा को मंच देना है, बल्कि इस खेल को वैश्विक मंच पर नई पहचान और सम्मान दिलाना भी है. इस लीग में भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिससे प्रतिस्पर्धा और रोमांच दोनों अपने चरम पर होंगे. उन्होंने कहा कि आर्चरी प्रीमियर लीग न केवल इस खेल के स्तर को ऊंचा उठाएगी बल्कि युवाओं को प्रेरित करेगी कि वे देश का प्रतिनिधित्व करें। आने वाले समय में यह लीग तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और भारत को विश्व मानचित्र पर अग्रणी बनाएगी. साथ ही, यह लीग हमारी सांस्कृतिक विविधता, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक प्रतिभा की पहचान बनेगी.

Exit mobile version