
Ranchi. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में स्पोर्ट्स किट खरीद में छह करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार में लूट मची हुई है. सारे नियम कानून की धज्जियां उड़ायी जा रही हैं. रोज नये-नये घोटाले उजागर हो रहे. कहा : ई-रिक्शा में डीजल भरवाने जैसे हास्यास्पद घोटाले के बाद हेमंत सरकार के खेल विभाग ने करीब छह करोड़ रुपये का नया घोटाला कर दिया है.
स्पोर्ट्स किट की खरीद में विभाग ने सबसे कम बोली लगाने वाली (एल-1) कंपनी को दरकिनार कर, ऊंची दर पर सामान देने वाली (एल-2) कंपनी को ठेका दे दिया. हेमंत सरकार में टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी और कमीशन आधारित फैसले की बात आम हो चुकी है. पारदर्शिता की जगह अब सांठगांठ और लूट का बोलबाला है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पूरे मामले में विभागीय मंत्री और अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करें.
