Site icon Lahar Chakra

Bahragora : बहरागोड़ा में जंगली हाथियों की दस्तक, खेत छोड़कर भागे किसान

जमशेदपुर. बहरागोड़ा प्रखंड के सांड्रा पंचायत स्थित लुगाहारा जंगल में गुरुवार सुबह छह जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. जैसे ही लोगों ने खेतों और जंगल के किनारे हाथियों को घूमते देखा, खेत में काम कर रहे किसान काम छोड़कर जान बचाने के लिए भाग निकले.

इस घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम हाथियों को आबादी वाले इलाके से दूर भगाने की कोशिश में जुटी है. विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है और हर मूवमेंट पर नज़र रखी जा रही है.

ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं और हाथियों के पास जाने से बचें. साथ ही लकड़ी या मशरूम बीनने के लिए जंगल में जाने से भी मना किया गया है.

इस तरह की घटनाएं इलाके में पहले भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है. जरूरत है कि वन विभाग और प्रशासन इस तरह की स्थितियों के लिए दीर्घकालिक योजना बनाए, ताकि जान-माल का नुकसान रोका जा सके.

Exit mobile version