Site icon Lahar Chakra

Bihar Election: चुनावी सरगर्मी के बीच तेजस्वी के आवास पर राजद व कांग्रेस नेताओं की बैठक, सीट बंटवारे पर दिल्ली में फैसला होने की उम्मीद

Patna. बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ती सरगर्मी के बीच महागठबंधन के नेताओं की एक अनौपचारिक बैठक शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर हुई. कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी. बैठक में राजद की ओर से तेजस्वी यादव और संजय यादव, कांग्रेस की ओर से बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश राम तथा विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की ओर से मुकेश सहनी शामिल हुए.

बैठक के बारे में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के मीडिया विभाग के प्रमुख राजेश राठौर ने बताया कि इसमें सीट बंटवारे समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई और नए सहयोगियों को गठबंधन में शामिल करने पर भी विचार किया गया. सूत्रों के अनुसार, करीब दो घंटे चली इस बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को महागठबंधन का घटक बनाने पर सहमति बनी.

उन्होंने बताया कि जल्द ही तेजस्वी यादव दिल्ली जाएंगे, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की मौजूदगी में सीट बंटवारे को लेकर अहम बातचीत होने की संभावना है.

Exit mobile version