Site icon Lahar Chakra

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए 20 जिलों में मतदान जारी, पीएम मोदी और सीएम ने की ये अपील

Patna. बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में मंगलवार सुबह 122 सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है. एक अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करें और इस चरण में रिकॉर्ड मतदान दर्ज कराएं. इस अंतिम चरण के तहत 20 जिलों में मतदान हो रहा है. इस चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 136 महिलाएं और एक तृतीय लिंग का प्रत्याशी शामिल हैं। इन सीटों में मध्य, पश्चिमी और उत्तर बिहार के कई महत्वपूर्ण क्षेत्र आते हैं. करीब 3.7 करोड़ मतदाता, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं, 45,399 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। यह बिहार के चुनावी इतिहास में किसी एक चरण में स्थापित किए गए मतदान केंद्रों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है.

निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं. अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती संवेदनशील इलाकों में की गई है, वहीं भारत-नेपाल सीमा पर कई स्थानों को सील कर दिया गया है ताकि अवैध आवाजाही पर रोक लगाई जा सके और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके.

राज्य पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगभग 8,491 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है, जहां सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती और विशेष निगरानी रहेगी. अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 500 कंपनियां (करीब 50,000 जवान) पहले से बिहार में तैनात थीं, जबकि चुनाव से पहले 500 और कंपनियों को राज्य में भेजा गया है.

Exit mobile version