Site icon Lahar Chakra

Exit Poll Bihar Reaction: NDA ने एग्जिट पोल में जीत के अनुमान का किया स्वागत, ‘INDIA’ गठबंधन ने बताया हकीकत से कोसों दूर’, फाइनल फैसला 14 को

Patna. बिहार में मंगलवार को जारी चुनाव बाद के सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की स्पष्ट जीत का अनुमान लगाए जाने पर जहां गठबंधन के नेताओं ने इसे जनता के भरोसे की जीत बताया, वहीं विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने इन पूर्वानुमानों को ‘हकीकत से कोसों दूर’ बताया. विभिन्न संस्थाओं द्वारा कराए गए एग्जिट पोल में राजग की सरकार बनने की संभावना जताई गई है, जबकि विपक्षी ‘महागठबंधन’ के प्रदर्शन को कमजोर और पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज पार्टी के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया गया है. राज्य के मंत्री एवं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के नेता संतोष सुमन ने कहा, ‘राजग भारी बहुमत से सरकार बना रही है. हमें जितनी सीटें मिलेंगी, वह एग्जिट पोल के अनुमानों से कहीं ज्यादा होंगी.

विभिन्न एग्जिट पोल के अनुमानों के अनुसार बिहार में राजग की सरकार बनती दिखाई दे रही है. ‘मेट्राइज एग्जिट पोल’ ने राजग को 147 से 167 सीटें, महागठबंधन को 70 से 90 सीटें और जन सुराज को 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। दैनिक भास्कर के सर्वे में राजग को 145 से 160 सीटें और महागठबंधन को 73 से 91 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है. वहीं, ‘पीपल्स इनसाइट’ के मुताबिक राजग को 133 से 148 सीटें, महागठबंधन को 87 से 102 सीटें और जन सुराज को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं. ‘पीपल्स पल्स’ के एग्जिट पोल में राजग को 133 से 159, ‘इंडिया’ गठबंधन को 75 से 101 और जन सुराज को 0 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है. ‘चाणक्य स्ट्रैटेजीज़’ के अनुसार राजग को 130 से 138, महागठबंधन को 100 से 108 और जन सुराज को कोई सीट नहीं मिलने का अनुमान है. वहीं, ‘पी-मार्क’ ने राजग को 142 से 162, महागठबंधन को 80 से 98 और जन सुराज को 1 से 4 सीटें मिलने की संभावना जताई है.

कुल मिलाकर अधिकांश एग्जिट पोल में राजग को स्पष्ट बहुमत और विपक्षी गठबंधन को अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन की भविष्यवाणी की गई है. 243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 122 सीट की आवश्यकता होती है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने कहा, ‘उच्च मतदान प्रतिशत हमेशा सत्तारूढ़ दल के खिलाफ जनादेश का संकेत होता है. हमें अंतिम परिणाम का इंतजार करना चाहिए. मुझे विश्वास है कि ‘महागठबंधन’ आराम से सरकार बनाएगा. ये एग्जिट पोल वास्तविकता से कोसों दूर हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ये सर्वेक्षण ‘सत्तारूढ़ दलों के पक्ष में जनसंपर्क अभ्यास’ हैं.

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी कहा, ‘‘वे एग्जिट पोल दिखा रहे हैं, मैं आपको वास्तविक परिणाम बता रहा हूं-महागठबंधन भारी बहुमत से सरकार बना रहा है. सीमांचल क्षेत्र में भारी मतदान से यह स्पष्ट है कि ‘इंडिया’ गठबंधन निर्णायक बहुमत के साथ सत्ता में आने जा रहा है. बिहार में मंगलवार को दूसरे और अंतिम चरण में रिकॉर्ड 68.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और लगभग एक महीने तक चले चुनावी मुकाबले का समापन हुआ.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुनजियाल ने बताया कि दूसरे चरण में 68.79 प्रतिशत और दोनों चरणों में कुल 66.90 प्रतिशत मतदान (अनंतिम आंकड़े) हुआ, जो पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में 9.6 प्रतिशत अंक अधिक है. हालांकि, निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली से जारी एक बयान में मतदान प्रतिशत 68.76 बताया गया। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी.

Exit mobile version