
Katihar. बिहार के कटिहार जिले में शराब की तस्करी के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. बिहार में अप्रैल 2016 से शराबबंदी लागू है. जिले के मद्यनिषेध, आबकारी एवं निबंधन विभाग के निरीक्षक सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि इन महिलाओं ने अपने बुर्के में शराब छिपाकर रखी थी, जबकि ये मुस्लिम नहीं हैं. सिंह ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार को दो महिलाओं को मनिया रेलवे स्टेशन के पास रोका गया. अधिकारी ने बताया कि जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुईं. एक अलग अभियान में, जिले के दुर्गापुर ललियाही क्षेत्र में दो लोगों के घरों से शराब जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
