Site icon Lahar Chakra

BIHAR : नीतीश का चुनाव स्ट्रोक, सितंबर से हर परिवार में एक महिला को मिलेंगे 10 हजार रुपये

पटना.  बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की है जिसके तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी. पहली किस्त सितंबर में मिलेगी. बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त सहायता मिलेगी. सरकार हाट-बाजार विकसित करेगी ताकि महिलाएँ अपने उत्पादों को बेच सकें.

यह मदद दो लाख रुपये तक की होगी. पहली किस्त के रूप में सितंबर महीने में महिलाओं को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे. छह महीने के आकलन के बाद बेहतर कार्य करने वाली महिला को रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी.

शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए नई योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया.

बैठक के बाद राज्य के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आर्थिक संबल देने और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में बड़ी पहल है.

मीणा ने कहा कि रोजगार करने की इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी. सितंबर 2025 में ही महिलाओं के बैंक खाते में राशि का हस्तांतरण शुरू कर दिया जाएगा. करीब छह महीने बाद सरकार योजना का आकलन करेगी और रोजगार को आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता आवश्यकता अनुसार देगी.

मुख्यमंत्री ने स्वयं ट्वीट कर दी योजना की जानकारी

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना लागू करने के सरकार के फैसले की जानकारी स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स हैंडल पर दी. उन्होंने लिखा कि हम लोगों ने नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है. अब महिलाएं अपनी मेहनत से न केवल बिहार की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं बल्कि वे अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं.

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए हम लोगों ने ने महिलाओं के हित में अब एक महत्वपूर्ण एवं अभूतपूर्व निर्णय लिया है. जिसके सकारात्मक दूरगामी परिणाम होंगे. हमारी सरकार ने आज कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की स्वीकृति दी है. इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है.

Exit mobile version