Site icon Lahar Chakra

Bilaspur Train Accident Reason: लोको पायलट की गलती या…. बिलासपुर में मालगाड़ी से पैसेंजर ट्रेन आखिर कैसे टकरायी? रेलवे बोर्ड ने बताये कारण, CRS करेंगे जांच

New Delhi. छत्तीसगढ़ में बिलासपुर स्टेशन के निकट एक सवारी गाड़ी और मालगाड़ी के बीच हुई टक्कर में 8 लोगों की मौत के कुछ घंटों बाद रेलवे बोर्ड ने मंगलवार को कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यात्री ट्रेन के लाल सिग्नल पार कर जाने के कारण यह दुर्घटना हुई. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टक्कर शाम करीब चार बजे हुई जब डीईएमयू (डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन पड़ोसी कोरबा जिले के गेवरा से बिलासपुर जा रही थी. गतोरा और बिलासपुर स्टेशनों के बीच यह मालगाड़ी से पीछे से टकरा गया. रेलवे बोर्ड के एक प्रेस नोट में कहा गया,रेलवे अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, डीईएमयू ट्रेन द्वारा खतरे के सिग्नल पार करना इसका कारण प्रतीत होता है. प्रेस नोट में कहा गया कि आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी और लोकल ट्रेन के बीच टक्कर की दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी.

रेल प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए त्वरित कार्रवाई की है. वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं. इस घटना में सात लोगों की मृत्यु हुई है तथा 14 अन्य यात्री घायल हुए हैं. रेलवे बोर्ड के अनुसार, मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख रुपये तथा मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है.

रेलवे बोर्ड ने कहा, रेलवे प्रशासन प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है. शीघ्र राहत उपाय सुनिश्चित करने के लिए जिला अधिकारियों और चिकित्सा टीमों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है. इसमें कहा गया है कि घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के स्तर पर की जाएगी ताकि सटीक कारण का पता लगाया जा सके और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जा सके. बोर्ड ने कहा कि यात्री और उनके परिजन आवश्यक जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं. रेल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और प्रभावितों को हर संभव राहत और सहायता सुनिश्चित कर रहा है.

Exit mobile version