Site icon Lahar Chakra

फैक्ट्री में ब्लास्ट, एक किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज, भागे भागे पहुंचे लोग

Hazaribagh : बरही के रियाडा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित राधा गोपाल इंडस्ट्री में शनिवार सुबह करीब 6 बजे जोरदार बॉयलर विस्फोट हुआ. धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही बरही विधायक मनोज यादव, एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और एसडीओ जोहान टुडू मौके पर पहुंचे. पुलिस और प्रशासन की टीम ने जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए. ग्रामीणों ने फैक्ट्री पर बार-बार विस्फोट और प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाया है. बता दें कि इससे पहले भी राधा गोपाल इंडस्ट्री में कई बार ऐसे विस्फोट हो चुके हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ था. फिलहाल प्रशासन ने किसी अनहोनी से इनकार किया है, लेकिन जांच जारी है.

Exit mobile version