Site icon Lahar Chakra

JSBCLके गोदाम में 2.10 करोड़ रुपये की बीयर की 14000 पेटियों पर चलाया बुलडोजर, एक्सपायरी होने से दो माह पहले 50% छूट पर बेचने की उठी मांग

Ranchi. जेएसबीसीएल के गोदाम में एक्सपायर हो चुकी बीयर की लगभग 14000 पेटियों को नष्ट किया जायेगा. इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. एक्सपायर हो चुकी बीयर की ये पेटियां नगड़ी स्थित जेएसबीसीएल के गोदाम में रखी गयी थीं. अब तक 5800 पेटी बीयर को जेसीबी के माध्यम से बीयर को नष्ट किया जा चुका है. एक पेटी में 24 बीयर के केन होते हैं. अब तक नष्ट की गयी बीयर की कीमत लगभग 2.10 करोड़ रुपये है. बीयर नष्ट करने की प्रक्रिया सोमवार और मंगलवार को भी चलेगी.

इधर, झारखंड शराब व्यापारी संघ के प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार जायसवाल ने एक्सपायर बीयर को लेकर नीति में संशोधन की मांग की है. उन्होंने कहा कि बीयर के एक्सपायरी होने से दो माह पहले निर्धारित छूट पर बेचने का प्रावधान हो. उन्होंने कहा कि एक माह पूर्व तक ऐसे स्टॉक को 50 फीसदी छूट के साथ बिक्री की अनुमति दी जाये. ऐसा होने से सरकार को राजस्व का नुकसान नहीं होगा. स्टॉक नष्ट करने की प्रक्रिया में होने वाले खर्च से भी बचा जा सकेगा. उन्होंने कहा है कि उत्पाद विभाग के पास बीयर के खपत का सही आकलन नहीं है. इस कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई है. इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान होता है.

Exit mobile version