
New Delhi. केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 25 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यहां करदाता सेवा निदेशालय में तैनात अतिरिक्त महानिदेशक अमित कुमार सिंघल ने ‘ला पिनोज पिज्जा’ के मालिक सनम कपूर को जारी आयकर नोटिस का निपटारा करने के लिए कथित तौर पर कुल 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी.
उन्होंने बताया कि 25 लाख रुपये की पहली किस्त शनिवार को पंजाब के मोहाली में सिंघल के आवास पर पहुंचाई गई, जहां हर्ष कोटक नामक एक व्यवसायी ने अधिकारी की ओर से कथित तौर पर पैसे प्राप्त किए. कपूर की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई की एक टीम ने परिसर में छापा मारा और कोटक को गिरफ्तार कर लिया. केंद्रीय एजेंसी की एक अन्य टीम ने 2007 बैच के आईआरएस अधिकारी सिंघल को उसी दिन दिल्ली में स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. कपूर के वकील गगनदीप जम्मू के अनुसार, दोनों को चंडीगढ़ में एक विशेष मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उन्हें 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
