Site icon Lahar Chakra

सेंट्रल कमेटी मेंबर नक्सली पत्नी संग पकड़ाया, सरायकेला से धराये प्रशांत बोस व शीला के बाद दूसरी बड़ी गिरफ्तारी

धनबाद. एक करोड़ के इनामी माओवादी सेंट्रल कमेटी मेंबर विवेक उर्फ प्रयाग मांझी उर्फ फुच्चू उर्फ करण उर्फ लेटरा की पत्नी जया उर्फ चिंता को पुलिस की स्पेशल टीम ने धनबाद से गिरफ्तार किया है. उसके साथ उसके एक महिला, एक युवती और एक पुरुष को भी पकड़ा गया है. सभी को धनसार थाना में रख कर पूछताछ की जा रही है.

पूर्व में माओवादियाें का शीर्ष नेता प्रशांत बोस व उनकी पत्नी शीला मरांडी को पुलिस ने सरायकेला से गिरफ्तार किया था. शीला उस वक्त माओवादी नारी संगठन की चीफ थी. लेकिन इनकी गिरफ्तारी के बाद जया को नारी विंग का चीफ बनाया गया था. माओवादी संगठन में उसका ओहदा स्पेशल एरिया कमेटी मेंबर का था. जया पर 25 लाख के इनाम का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय ने पूर्व में गृह विभाग को भेजा था. विवेक मूल रूप से धनबाद के टुंडी का निवासी है.

जया की गिरफ्तारी के बाद माओवादियों के नारी विंग के साथ संगठन को गहरा झटका लगा है. इसको गिरफ्तारी करने के लिए रांची से पुलिस की एक टीम धनबाद गयी थी. इसमें धनबाद पुलिस की स्थानीय टीम ने भी सहयोग किया. हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. संभव है कि पुलिस एक-दो दिनों में विधिवत इसका खुलासा करे.

Exit mobile version