
Chaibasa.चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की एक लापरवाही के चलते पांच बच्चों की जिंदगी पर संकट छा गया. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में चाईबासा के सरकारी अस्पताल में खून चढ़ाने के बाद पांच बच्चे HIV पॉजिटिव हो गए. इन पांच बच्चों में से एक सात साल का बच्चा थैलेसीमिया पीड़ित है. घटना सामने आने के बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. झारखंड सरकार ने पहला मामला सामने आते ही तुरंत हरकत में आते हुए रांची से पांच वरिष्ठ डॉक्टरों की मेडिकल टीम भेजी, जिन्होंने तुरंत मामले की जांच शुरू की और चार और केसों की पहचान की.
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ दिनेश कुमार की अध्यक्षता वाली इस पांच सदस्यीय टीम ने ब्लड बैंक में मामले की जांच के लिए विशेषज्ञों को लगाया है. साथ ही टीम रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं की जांच कर रही है. बता दें कि हाल ही में चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चे को एचआईवी पॉजिटिव रक्त चढ़ाने का मामला प्रकाश में आया था, जिसके बाद हड़कंप मच गया था. इसकी जानकारी मिलते ही बच्चे के परिजनों ने ब्लड बैंक की लापरवाही की शिकायत की थी. उसके बाद जांच टीम का गठन किया गया था. जांच टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. जानकारी के अनुसार इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तय है. बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
