
Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथी ने एक युवक को कुचलकर मार डाला. पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राफेल मुर्मू ने बताया कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयरामडीह टोला के पास से हाथियों के झुंड को पहले भगा दिया गया था और पीड़ित सिरका चातर (28) इस इलाके में यह देखने आया था कि कहीं हाथियों का झुंड वापस तो नहीं लौटा है.
एसडीपीओ ने कहा,‘अचानक एक हाथी उसके (चातर के) सामने आ गया और उसे कुचलकर मार डाला. घबराए ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और सूचना मिलने के बाद विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची. शव को बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. मुर्मू ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगभग 35 हाथियों का एक झुंड इलाके में उत्पात मचा रहा है. झुंड़ बार-बार रिहायशी इलाके में घुस रहा है और ग्रामीण उन्हें वापस जंगल में खदेड़ रहे हैं.
