Site icon Lahar Chakra

Chaibasa Naxal Encounter: गोइलकेरा में सुरक्षा बलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़, मारा गया 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमांडर अमित हंसदा

Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया. नक्सली पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ सुबह गोइलकेरा थानाक्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर शुरू हुई. कोल्हान के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि सुबह नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच एक मुठभेड़ हुई. बाद में तलाशी अभियान के दौरान एक शव बरामद किया गया है. मारे गए नक्सली की पहचान अमित हंसदा उर्फ अप्टन के रूप में हुई है, जो भाकपा (माओवादी) का स्वयंभू जोनल कमांडर था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम था.

उन्होंने कहा कि इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चाईबासा के पुलिस अधीक्षक को गोइलकेरा थानाक्षेत्र के रेलापारल इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों की टीम ने सुबह तलाशी अभियान चलाया और सुबह करीब छह बजे मुठभेड़ शुरू हुई.

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों के भारी पड़ने पर नक्सली घने जंगलों में भाग गए. उन्होंने बताया कि बाद में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान के दौरान नक्सली अमित हंसदा का शव बरामद किया गया, साथ ही वहां एक आग्नेयास्त्र भी मिला.

Exit mobile version