
Chaibasa. पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में अवैध सोना खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद बाहरी लोगों को गांव छोड़ने का निर्देश दिया गया है। मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा के सुदूरवर्ती चिड़िया पंचायत स्थित बिनुवा टोला (अंकुवा) में कोयना नदी किनारे अवैध रूप से सोना खनन किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के तीन व्यक्ति पिछले एक सप्ताह से नदी किनारे जमीन की खुदाई कर मशीन के जरिए सोना निकालने का कार्य कर रहे थे। इस गतिविधि की सूचना मिलते ही ग्राम रक्षा समिति ने तुरंत चिड़िया ओपी पुलिस को दूरभाष पर जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति बिनुवा गांव में एक ग्रामीण के घर में ठहरकर इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहे थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित व्यक्तियों को तत्काल गांव छोड़ने का निर्देश दिया। जिन लोगों की पहचान हुई है, उनमें समाधान सुरेश गुवर (महाराष्ट्र), ऋषिकेश मानिक निचल (महाराष्ट्र) और अब्दुल मुतालिब बी.एम. (केरल) शामिल हैं।
विरोध कार्यक्रम में ग्राम रक्षा समिति की अध्यक्ष पार्वती कोया, सचिव सरस्वती गोप, कोषाध्यक्ष पार्वती मुंडा लुहूरा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है। सारंडा जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में अवैध खनन की घटना सामने आने से पर्यावरण और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
