
Chaibasa.चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की एक लापरवाही के चलते खून चढ़ाने के बाद पांच बच्चे HIV पॉजिटिव हो गए. इन पांच बच्चों में से एक सात साल का बच्चा थैलेसीमिया पीड़ित है. घटना सामने आने के बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. अब इस मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने बड़ी कार्रवाई की है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, चाईबासा में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाने की सूचना पर पश्चिमी सिंहभूम सिविल सर्जन समेत अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया है. पीड़ित बच्चों के परिवारों को 2-2 लाख रूपये की सहायता राशि राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी तथा संक्रमित बच्चों का पूरा इलाज भी राज्य सरकार द्वारा कराया जाएगा.
उन्होंने लिखा, चाईबासा में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का संक्रमित होना अत्यंत पीड़ादायक है. राज्य में स्थित सभी ब्लड बैंक का ऑडिट कराकर पांच दिनों में रिपोर्ट सौंपने का काम करे स्वास्थ्य विभाग को दिया है. स्वास्थ्य प्रक्रिया में लचर व्यवस्था किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
दरअसल, झारखंड सरकार ने पहला मामला सामने आते ही तुरंत हरकत में आते हुए रांची से पांच वरिष्ठ डॉक्टरों की मेडिकल टीम भेजी, जिन्होंने तुरंत मामले की जांच शुरू की और चार और केसों की पहचान की. झारखंड सरकार के स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ दिनेश कुमार की अध्यक्षता वाली इस पांच सदस्यीय टीम ने ब्लड बैंक में मामले की जांच के लिए विशेषज्ञों को लगाया है. साथ ही टीम रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं की जांच कर रही है.
बता दें कि हाल ही में चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चे को एचआईवी पॉजिटिव रक्त चढ़ाने का मामला प्रकाश में आया था, जिसके बाद हड़कंप मच गया था. इसकी जानकारी मिलते ही बच्चे के परिजनों ने ब्लड बैंक की लापरवाही की शिकायत की थी. उसके बाद जांच टीम का गठन किया गया था. जांच टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.