
Chaibasa. चाईबासा में अपराधियों का दुस्साहस फिर सामने आया है. सदर थाना क्षेत्र के चाईबासा बस स्टैंड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में बेखौफ अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर दिनदहाड़े 1.50 लाख रुपये लूट लिए और आराम से चलते बने. घटना से इलाके में सनसनी है.
बताया जा रहा है कि सदर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की है. अपराधियों ने CSP संचालक तरूण कुमार विश्वकर्मा से हथियार का भय दिखाकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप है.
सेवा केंद्र के कर्मचारी राहुल शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह के करीब 10 बजे एक लड़का सेवा केंद्र में आया और पैसे निकालने की बात की. तब तक उसके अन्य दो साथी भी बैक में घुस गये. तभी पहले वाले लड़के ने उन्हें साइड में ले जाकर पिस्तौल तान दी और पैसे देने की मांग करने लगे. वहीं कैश काउंटर से करीब डेढ लाख रुपये लूटकर भाग निकले. तीनों बदमाशों ने चेहरे को नकाब से ढका हुआ था. फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है. सीसीटीवी कैमरा और मोबाइल भी साथ ले गये. वारदात की सूचना के बाद पुलिस पहुंची है. मामले की जांच में जुटी है.
