Site icon Lahar Chakra

Chaibasa: नोवामुंडी में भीषण सड़क हादसा, टाटा स्टील अधिकारी की पत्नी व लेक्चरर प्रतिभा सोमकुंवर की मौत

Chaibasa. नोवामुंडी में शुक्रवार दोपहर एक अनियंत्रित हाइवा ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रतिभा टीकारामजी सोमकुंवर (42) के रूप में हुई है। वे नोवामुंडी कॉलेज में अंग्रेजी की व्याख्याता थी और  टाटा स्टील फाउंडेशन नोवामुंडी के डिविजनल चीफ तुलसी दास गणवीर की पत्नी थी।

जानकारी के अनुसार, प्रतिभा सोमकुंवर कॉलेज में छुट्टी होने के बाद अपनी स्कूटी से क्वार्टर लौट रही थी। जैसे ही वह डीबीसी के निकट जोजो कैंप जाने वाले चौक पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रतिभा सोमकुंवर गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर जोजो कैंप की ओर भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं हादसे की खबर मिलते ही टाटा स्टील, टीएसएफ के अधिकारी, कॉलेज के शिक्षक और भारी संख्या में छात्र घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटनास्थल पर प्रतिभा का हेलमेट, बैग और क्षतिग्रस्त स्कूटी बिखरे पड़े मिले, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रहे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर फरार हाइवा की पहचान करने में जुटी है।

Exit mobile version