Site icon Lahar Chakra

Chaibasa Illegal Mining: चाईबासा में बालू का अवैध खनन जारी, हर दिन 80-90 ट्रैक्टर से हो रहा उठाव, ऐसे सामने आया मामला?

Chaibasa. तांतनगर ओपी पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी कर बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है. तांतनगर पुलिस द्वारा जब्त दोनों ट्रैक्टरों को ओपी परिसर लाया गया. विधिवत कार्रवाई के लिए पुलिस ने जिला खनन विभाग को पत्र प्रेषित किया. जानकारी के अनुसार तांतनगर पुलिस को इलिगाड़ा नदी के पास कुछ ट्रैक्टरों से अवैध बालू खनन की सूचना पुलिस को मिली. ओपी प्रभारी पीयूष नाग ने दल-बल के साथ इलिगाड़ा के आसपास छापेमारी कर मौके से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों जब्त कर लिया. चालक भागने में सफल रहे. वहीं कुछ चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकले.

जब्त दोनों ट्रैक्टरों में रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं हैं. पुलिस इंजन नंबर को ट्रेस कर ट्रैक्टर मालिक का पता लगा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि तांतनगर थाना की इलिगाड़ा नदी से बालू का अवैध खनन जारी है. बालू का उठाव करने के बाद तांबो चौक, नेहरू चौक एवं सदर प्रखंड कार्यालय होते चाईबासा के विभिन्न मोहल्लों में आपूर्ति की जा रही है. तांबो चौक पर दिनभर पुलिस तैनात रहती है, इसके बाद भी उस क्षेत्र से ही सबसे ज्यादा अवैध बालू लदा ट्रैक्टर शहर में प्रवेश कर रहा है. इसके अलावा कुर्सी गांव होते हुए भी बालू पार किये जा रहे हैं.

हर दिन 80 से ज्यादा ट्रैक्टरों से बालू का उठाव
ट्रैक्टर मालिकों और चालकों का गिरोह अहले सुबह 4 बजे से ही तांतनगर प्रखंड के इलीगाड़ा, तांतनगर संगम, चिटीमिटी, मंझारी के दिनासाई समेत अन्य विभिन्न नदी घाटों से प्रत्येक दिन लगभग 80 से ज्यादा ट्रैक्टरों से बालू का उठाव किया जाता है, जिस पर खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन रोक लगा पाने में अक्षम साबित हो रहा है. लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन एवं खनन विभाग की टीम के निकलने के पहले ही बालू तस्करों को इसकी जानकारी मिल जाती है. इसके बाद वे नदी से ट्रैक्टर को हटवा लेते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि खनन विभाग और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से ही काम चल रहा है.

Exit mobile version