
Chaibasa. तांतनगर ओपी क्षेत्र के बामेहातु गांव में रविवार सुबह मिट्टी की दीवार गिरने से 35 वर्षीय सुखमति बानरा की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुखमति को सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 9 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे सुखमति घर के बाहर बैठकर मुंह धो रही थीं।
इसी दौरान लगातार हो रही बारिश से भीगी और कमजोर हो चुकी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
