
Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में दिनदहाड़े पेट्रोल पंपकर्मी से पांच लाख रुपये लूट मामले में पुलिस को चौथे दिन कामयाबी मिली. इस लूटकांड में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में लखन जामुदा, पोटका होसाई, चक्रधरपुर, रितिक मुंडा, पोटका, चक्रधरपुर, राजेश केराई, डुमरडीहा, कराइकेला, शिवासामद उर्फ पोताेह, डुमरडीहा, कराइकेला, बिरसा मुंडा, डोबासाई, टोकलो शामिल है. यह जानकारी एएसपी पारस राणा ने गुरुवार को दी.
एएसपी ने बताया कि एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. आरोपी बिरसा मुंडा ने पुलिस को बताया कि वे लोग 24 अगस्त को भी पंपकर्मी से लूटपाट करने आये थे. उस समय पंपकर्मी के बैंक के अंदर चले जाने से योजना विफल गयी. इसके बाद फिर एक सितंबर को लूट की योजना बनायी और उसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया. घटना के बाद राजनगर के चालियामा पहुंचे. वहां पर रुपयों का बंटवारा किया.
एएसपी बताया कि एक सितंबर की सुबह करीब 10.30 बजे सदर थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने आइबीपी पेट्रोल पंपकर्मी विमलेश कुमार से पांच लाख रुपये से भरा बैग अपराधियों ने देसी कट्टा दिखाकर लूट लिया था. घटना के बाद सदर थाना में पंपकर्मी के बयान पर मामला दर्ज किया गया था.