Ranchi. चाईबासा में सर्च अभियान के दौरान IED विस्फोट में शहीद हुए झारखंड जगुआर के वीर जवान सुनील धान के पार्थिव शरीर पर आज टेंडरग्राम, रांची स्थित झारखण्ड जगुआर मुख्यालय में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पुष्पचक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी. पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में कोबरा बटालियन झारखंड जगुआर के दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे.

घायल दोनों जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकाप्टर से रांची भेजा गया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गए. प्रतिबंधित नक्सली संगठन के विरुद्ध चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ बटालियन के द्वारा 12 अप्रैल को छोटानागरा और जराइकेला थाना क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा था. अभियान के दौरान नक्सलियों के द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी बम को विस्फोट किया गया। जिसमें दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए. झारखंड जगुआर के जख्मी जवान सुनील धान रांची में इलाज के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए थे.