
Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक आईईडी में हुए विस्फोट में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) द्वारा जराइकेला पुलिस थाने के अंतर्गत तिरिपोसी गांव के निकट जंगल में लगाये गये ‘संवर्धित विस्फोटक उपकरण’ (आईईडी) में सुरक्षाबलों के तलाशी अभियान के दौरान विस्फोट हो गया. नक्सलियों ने यह आईईडी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिये लगाया था. यह विस्फोट माओवादियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला सशस्त्र पुलिस के जवानों की एक संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ के तुरंत बाद हुआ. जिला पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि विस्फोट में घायल कोबरा बल की 209 बटालियन के जवान सुनील कुमार को अस्पताल ले जाने से पहले घटनास्थल पर ही प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की गई. बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से विस्फोटक और दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त कीं. पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कोल्हान क्षेत्र में वांछित माओवादी नेता मिसिर बेसरा सहित कई शीर्ष नक्सली मौजूद हैं. इसी के आधार पर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया. मिसिर बेसरा पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित है.
