Lahar Chakra

Chaibasa Naxal: सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, शीर्ष नक्सली नेता मिसिर बेसरा के 11 बंकर समेत छह नक्सली मोर्चा ध्वस्त, पांच IED बरामद

Chaibasa. नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा में बड़ी सफलता मिली. सुरक्षा बलों ने नक्सली मिसिर बेसरा और उसके साथियों के ठिकानों पर दबिश दी है. यहां बाबूडेरा जंगल में 11 बंकर और 6 नक्सल मोर्चा को भी ध्वस्त कर दिया. वहीं,पांच आइइडी भी बरामद किये. इन आइइडी को बरामद कर नष्ट कर दिया गया. इन बंकरों में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा और उसकी टीम ठहरती थी. दरअसल, खोजने के लिए सारंडा व कोल्हान के जंगलों में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन तेज कर दिया है। सोमवार को दोपहर बाद से 2000 से अधिक जवान सारंडा व कोल्हान के घनघोर जंगलों में नक्सलियों की टोह लेने के लिए घुसे हैं. इस अभियान में जिला पुलिस के अलावा सीआरपीएफ की छह अलग-अलग बटालियन, कोबरा की तीन बटालियन और झारखंड जगुआर को शामिल किया गया है.

पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के अनुसार नक्सली मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनलख् असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा, जयकांत, रापा मुंडा आदि के क्षेत्र में काफी दिनों से रहने की सूचना प्राप्त हो रही है. सूचनाओं का सत्यापन कर अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान के दौरान जवानों को अतिरिक्त सतर्क रहने के लिए कहा गया है.
जवान के शहीद होने के बाद ऑपरेशन किया तेज

सीआरपीएफ की ओर से बनाए गए 15 से अधिक फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस से सर्च ऑपरेशन का संचालन किया जा रहा है. इन एफओबी से छह किलोमीटर की दूरी पर नक्सलियों ने आईईडी बिछा रखे हैं ताकि चूक होने पर सुरक्षाबलों को नुकसान हो और संचालित ऑपरेशन में व्यवधान उत्पन्न हो जाए. इसी तरह बिछाए गए एक आईईडी की चपेट में आकर 12 अप्रैल झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान और कोबरा की 203 बटालियन के हेड कांस्टेबल विष्णु सैनी बुरी तरह जख्मी हो गए थे. इलाज के क्रम में कांस्टेबल सुनील धान शहीद हो गए थे.

Exit mobile version