
Chaibasa.कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 2018 में एक रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े एक मामले में बुधवार को चाईबासा स्थित सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में पेश हुए. अदालत में लगभग 20 मिनट तक रहे. सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान अदालत में उनसे पूछा गया कि क्या आपने गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया है? जहां उन्होंने कहा कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया. अदालत ने बयान लेने के बाद राहुल गांधी को जमानत ने दी. अब इस याचिका पर गवाही चलेगी. आपत्तिजनक मामले में भाजपा नेता प्रताप कटियार की ओर से याचिका दायर की गई है. याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि अब इस मामले में गवाही की प्रक्रिया चलेगी. अदालत में की कार्यवाही पूरी होने के बाद राहुल गांधी सीधा टाटा कॉलेज मैदान पहुंचे और दिल्ली के लिए उड़ान भरी.
गांधी ने दो जून को झारखंड उच्च न्यायालय में विशेष अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें 26 जून को पेश होने का निर्देश दिया गया था. कांग्रेस सांसद के वकील ने 10 जून को उच्च न्यायालय को सूचित किया था कि उनके मुवक्किल निर्धारित दिन पर पेश नहीं हो पाएंगे और इसके बजाय उन्होंने छह अगस्त की अगली तारीख देने का अनुरोध किया था. उच्च न्यायालय ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था.
गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला प्रताप कुमार नामक व्यक्ति द्वारा दायर किया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली के दौरान शाह के खिलाफ मानहानिकारक बयान दिए थे.
