Site icon Lahar Chakra

Chaibasa: युवक की पत्थर से कूचकर हत्या, तालाब में फेंका शव, मागे पर्व देखने के बहाने बुलाकर दो युवक ले गये थे

Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया के भुइयां साईं में अपराधियों ने बैसाखु ग्वाला की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. परिजनों के अनुसार बैसाखु को किसी बहाने घर से बुलाकर ले गये थे. क्षेत्र में मागे पर्व की धूम होने के कारण परिजनों को किसी अनहोनी का संदेह नहीं हुआ. जब वह रात भर घर नहीं लौटा, तो खोजबीन शुरू की. रविवार तड़के ग्रामीणों ने पारमसाई जोड़ा तालाब में एक शव देखा. इसकी शिनाख्त बैसाखु के रूप में की गयी. सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

मृतक की पत्नी शुरु ग्वाला के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आये हैं. ग्रामीणों ने बैसाखु को राम गागराई और पराय बोदरा के साथ अंतिम बार घूमते हुए देखा था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राम गागराई को हिरासत में ले लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. इस घटना के बाद भुइयां साई गांव में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाये.

Exit mobile version