
Chakardharpur. चक्रधरपुर के पास बंदगांव थाना क्षेत्र में एनएच के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है. बंदगांव पुलिस ने एनएच 75 मुख्य मार्ग से शव जब्त किया है. जानकारी के मुताबिक, बंदगांव थाना प्रभारी दुर्गा शंकर मंडल को ग्रामीणों ने सूचना दी कि सड़क के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस मृतक की पहचान करने में जुट गयी है.
बताया गया कि बंदगांव पुलिस ने आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी और मृतक के बारे में पूछा. लेकिन अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है. फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया है. शव को शीतघर में रखा गया है. पुलिस ने कहा है कि अगर किसी को भी मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है तो, अविलंब थाना में खबर दें. ताकि मृतक के परिजनों को उसका शव सौंपा जा सके.
