
Chakardharpur. सीबीआइ की टीम ने राउरकेला रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम बड़ी कार्रवाई की है. यहां पार्सल कार्यालय में छापेमारी कर पार्सल क्लर्क राजीव नंदन को आठ हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. जांच के बाद सीबीआइ की टीम राजीव नंदर को अपने साथ ले गयी. पार्सल कार्यालय को भी बंद कर दिया गया. हालांकि चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि पार्सल कार्यालय को बंद करने संबंधी कोई जानकारी उन्हें नहीं है.
हालांकि उन्होंने बताया कि राजीव को सस्पेंड कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, पूरा मामला चार बड़े जेनरेटर की बुकिंग से जुड़ा है. जेनरेटर बुकिंग के लिए अतिरिक्त रकम लेने की बात कही जा रही है. हालांकि सीबीआइ या रेलवे की ओर से अभी इसकी जानकारी साझा नहीं की गयी है. सीनियर डीसीएम ने पुष्टि करते हुए कहा कि रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तारी की सूचना है. सीबीआइ ने कुछ दस्तावेज भी बरामद किये हैं.
