Chakardharpur. पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों के 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दुकान से कुल 52 मोबाइल फोन चोरी हुए थे। शेष मोबाइलों की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

शटर तोड़कर 52 मोबाइल ले उड़े थे चोर
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को चक्रधरपुर स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने विभिन्न कंपनियों के 52 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। दुकान मालिक की शिकायत पर चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 303(2) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

तकनीकी जांच से पांच आरोपियों की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार और चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच की। जांच के दौरान चोरी की वारदात में पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इनमें शेराज और संजय सहनी, दोनों बिहार के मोतिहारी जिले के निवासी हैं। इनके अलावा नितेश पटेल, जितेंद्र साह उर्फ चोना और गोविंद चौधरी की संलिप्तता भी सामने आई।
बिहार से तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी कर नितेश पटेल निवासी घोड़ासहन, मोतिहारी; जितेंद्र साह उर्फ चोना निवासी रक्सौल, पूर्वी चंपारण; और गोविंद चौधरी निवासी राघोपुर, सुपौल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 21 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी शेराज और संजय सहनी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। चोरी गए शेष मोबाइल फोन की बरामदगी का भी प्रयास किया जा रहा है।
मामले के वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्य संकलन के लिए सीआईडी की फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया था। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

