Site icon Lahar Chakra

Chakardharpur: तेज रफ्तार बस ने दो युवकों को कुचला, घंटों सड़क पर पड़े रहे, दोनों की मौत

चाईबासा . चाईबासा-रांची मुख्य मार्ग पर चक्रधरपुर में सोमवार की देर रात बड़ी सड़क दुर्घटना घटी. पोटका के पास तेज रफ्तार चुनमुन बस ने दो स्कूटी सवार युवकों को कुचल दिया. दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतकों में बिभु बारला व उसका चचेरा भाई बुधराम शामिल है. दोनों युवक पोटका से छऊ नृत्य देखकर अपने गांव चंद्री लौट रहे थे.

पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया. इस घटना में स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गयी है. रात अधिक होने के कारण दोनों युवक काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे. काफी देर बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना चक्रधरपुर थाना को दी. इसके बाद पुलिस की मदद से सड़क पर पड़े दोनों युवकों को अनुमंडल अस्पताल लाया गया, यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

इधर घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मंगलवार सुबह अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. मंगलवार देर शाम को दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया. थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि मृतक के परिजनों ने लिखित शिकायत की है. चालक को गिरफ्तार किया जायेगा.

Exit mobile version