
Chakulia. उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को चाकुलिया अंचल एवं प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने अमलागोड़ा में इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क का भी अवलोकन किया। प्रखंड कार्यालय में उपायुक्त ने विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड निरीक्षण किया जाए। राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा के क्रम में उन्होंने दाखिल-खारिज, ऑनलाइन म्यूटेशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, परिमार्जन सहित अन्य लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्वी सिंहभूम जिला के निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार चाकुलिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय सिंदूरगौरी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण एसआइआर के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बीएलओ से गणना प्रपत्र के वितरण, प्राप्ति एवं बीएलओ ऐप में डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र समय पर पहुंचे तथा प्राप्त प्रपत्रों का शीघ्र एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, एसडीएम घाटशिला तथा बीडीओ और सीओ उपस्थित रहे। उपायुक्त ने मतदान केंद्र पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए सभी पात्र मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र अवश्य भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए तथा घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से सभी मतदाताओं को जागरूक करते हुए निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण करें।
