Lahar Chakra

विराट के करिश्मे के साथ Champions Trophy के FINAL में पहुंचा भारत, ऑस्ट्रेलिया से लिया 2023 का बदला, 4 विकेट से जीता सेमीफाइनल

Dubai. सोलह महीने पहले वनडे विश्व कप फाइनल में और चौदह साल से आईसीसी टूर्नामेंटों के नॉकआउट मुकाबलों में मिली हर हार का बदला चुकता करते हुए भारत ने मंगलवार को आस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर पांचवीं बार चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में प्रवेश कर लिया और एक बार फिर जीत के नायक रहे विराट कोहली. भारत की जीत के साथ ही यह भी तय हो गया कि चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल नौ मार्च को दुबई में ही खेला जायेगा जिसमें भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका या न्यूजीलैंड से होगा. अगर आस्ट्रेलिया जीतती तो फाइनल लाहौर में खेला जाना था.

आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टीव स्मिथ (73) और एलेक्स कैरी (61) के अर्धशतकों के दम पर 48.1 ओवर में 264 रन बनाये जिसके जवाब में भारत ने 11 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. ‘प्लेयर आफ द मैच’ कोहली ने 98 गेंद में पांच चौकों की मदद से 84 रन बनाये. 19 नवंबर 2023 को कप्तान रोहित शर्मा समेत करोड़ों क्रिकेटप्रेमियों की आंखों में आंसू थे जब अहमदाबाद में आस्ट्रेलियाई टीम ने भारत का विश्व कप जीतने का सपना तोड़ा था. इसके अलावा भी आईसीसी नॉकआउट टूर्नामेंटों में आस्ट्रेलिया भारत के लिये ‘अभेद किला’ साबित होता रहा है जिसमें आखिरी बार हम 2011 वनडे विश्व कप में ही सेंध लगा पाये थे. उन सभी नाकामियों से मिले हर जख्म पर मरहम लग गया जब केएल राहुल ने 49वें ओवर की पहली गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई.

कोहली को श्रेयस अय्यर से पूरा सहयोग मिला जिन्होंने 45 रन बनाये और तीसरे विकेट के लिये 91 रन की साझेदारी भी की . इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा (28) और शुभमन गिल (नौ) सस्ते में आउट हो गए थे . बल्लेबाजी की मददगार पिच पर कोहली का बल्ला खूब चला और बड़े शॉट खेलने की बजाय उन्होंने संयम से अपनी पारी को आगे बढाया. वनडे पारियों में स्पिनरों के खिलाफ पिछले कुछ अर्से में नाकाम साबित होते आये कोहली ने यहां आस्ट्रेलिया के स्पिनर एडम जम्पा को बखूबी खेला . उन्होंने अपनी पारी में शानदार पूल और ड्राइव लगाये.

Exit mobile version