
रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की अबुआ सरकार अपने वादों को पूरा कर रही है. होली से पहले मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत तीन महीने की सम्मान राशि 7500 रुपये एक साथ लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है. यह सम्मान राशि सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि झारखंड की हर बहन और बेटी के सशक्तिकरण और सम्मान का प्रतीक है.
रांची जिला में इस याेजना के तहत 3 लाख 08 हजार 280 (308280) लाभुकों के खाते में 7,500 रुपये की सम्मान राशि स्थानांतरित की गयी है. डीबीटी के माध्यम से उपरोक्त सभी लाभुकों के खाते में कुल 231 करोड़ 18 लाख 72 हजार 500 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किये गये हैं.
रांची जिला के सभी लाभुकों के खाते में जनवरी, फरवरी और मार्च महीने की सम्मान राशि एक साथ स्थानांतरित की गयी है, इनमें कुछ लाभुक ऐसे भी हैं जिनके आवेदन फरवरी माह में स्वीकृत हुए थे.
