
रेल समाचार।
छत्तीसगढ़ के Bilaspur Junction railway station पर रेल प्रशासन की सजगता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। यहां वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम और Railway Protection Force की त्वरित कार्रवाई से एक बिछड़े मासूम बच्चे को कुछ ही घंटों में उसके परिवार से सुरक्षित मिलवा दिया गया।
भीड़ में बिछड़ गया था बच्चा
जानकारी के अनुसार एक परिवार अपने छोटे बच्चे के साथ बिलासपुर से कटनी जाने के लिए स्टेशन पहुंचा था। वे ट्रेन का इंतजार करने के लिए जनरल वेटिंग हॉल में बैठे थे। इसी दौरान स्टेशन पर भीड़भाड़ के बीच बच्चा अचानक अपने माता-पिता से बिछड़ गया और भटकते हुए प्लेटफॉर्म की ओर चला गया।
स्पेशल टीम की नजर पड़ी बच्चे पर
ड्यूटी पर तैनात वाणिज्य विभाग की स्पेशल सेल टीम की नजर जब अकेले रोते हुए बच्चे पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत इस मामले की सूचना आरपीएफ और चाइल्ड हेल्पलाइन को दी।इसके बाद आरपीएफ और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर और वेटिंग हॉल में बच्चे के माता-पिता की तलाश शुरू कर दी।
घोषणा और खोजबीन से मिला परिवार
स्टेशन परिसर में लगातार उद्घोषणा और खोजबीन के माध्यम से कुछ ही समय में बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया गया। आवश्यक पहचान और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो गए और उन्होंने रेलवे प्रशासन, स्पेशल टीम और आरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए Anurag Kumar Singh ने स्पेशल टीम और आरपीएफ की तत्परता की सराहना की।उन्होंने यात्रियों से अपील की कि रेल यात्रा के दौरान अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे कर्मियों, स्पेशल टीम या रेल मदद से संपर्क करें।
