Site icon Lahar Chakra

CID Raid JSSC Office: झारखंड भर्ती परीक्षा में ‘अनियमितताओं’ के सिलसिले में जेएसएससी कार्यालय में सीआईडी की छापेमारी

Ranchi. झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को यहां झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कार्यालय में छापेमारी शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। झारखंड में अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रतियोगी परीक्षाओं के उम्मीदवार पिछले 24 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।
सीआईडी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मनोज कौशिक ने बताया, ‘हम विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में जेएसएससी के कार्यालय में छापेमारी कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्र सितंबर 2024 में हुई जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।

उनका दावा है कि ‘‘135 में से 120 प्रश्न लीक हुए थे। प्रदर्शनकारी झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में व्यापक सुधार और कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई)से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। राज्य की जांच एजेंसी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते समेत 20 लोगों को गिरफ्तार किया है।

राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद, पिछले साल फरवरी में खियांग्ते को जेपीएससी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्हें 10 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी उस घटना के एक दिन बाद हुई जब भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर उम्मीदवारों के विरोध प्रदर्शन के बीच जेपीएससी के तीनों सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था।

Exit mobile version