Site icon Lahar Chakra

CJP Protest: सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को हुआ ‘टाइफाइड’, बोले- आंदोलन जारी रहेगा

New Delhi. कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को कहा कि उन्हें ‘टाइफाइड’ हो गया है लेकिन उनकी इस अवस्था से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी आंदोलन की गति मंद नहीं पड़ेगी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में दीपके ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और फिलहाल उनका इलाज हो रहा है। उन्होंने देशभर में आंदोलन को जारी रखने के लिए कॉजपा समर्थकों का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह आंदोलन अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंचेगा।

दीपके ने कहा, जैसा कि आप जानते हैं कि मैं पिछले कुछ दिनों से बीमार हूं। मेरी मेडिकल रिपोर्ट आ गई है और मुझे ‘टाइफाइड’ होने की पुष्टि हुई है। दीपके ने बताया कि उनका इलाज जारी है और उन्हें प्रतिदिन ‘ड्रिप’ के जरिए दवाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा, मेरा इलाज जारी है। मुझे रोज ‘आईवी ड्रिप’ लगाई जा रही है लेकिन मैं देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सभी ‘कॉकरोच’ का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उन्होंने समर्थकों को आंदोलन का विस्तार करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उनकी मुख्य मांग जरूर पूरी होगी।

उन्होंने कहा,‘इस आंदोलन को इतना सफल बनाने के लिए आप सभी को बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि यदि हम इसी तरह शांतिपूर्वक विरोध जारी रखेंगे, तो धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हमें मिलकर रहेगा। कॉजपा के नेतृत्व में यह आंदोलन प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुरू किया गया। आंदोलनकारी परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही, भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

Exit mobile version