
KULLU: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी में बुधवार को बादल फटने की घटना सामने आई. इस घटना के बाद इलाके में तेज फ्लैश फ्लड आ गया, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया. यह दृश्य मौके पर मौजूद युवकों ने अपने मोबाइल में कैद किया. बाढ़ के साथ पेड़ और मलबा बहते नजर आए.
बादल फटने की घटना सीयूंड गांव के पास जीवा नाले में हुई. पानी के तेज बहाव में करीब पांच गाड़ियां बहने की सूचना है. NHPC के स्टोर रूम में भी पानी घुस गया है, जिससे काफी नुकसान हुआ है. इस घटना से आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है. हालांकि अब तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत कार्य जारी है.
भारतीय मौसम विभाग ने कुल्लू, शिमला और सोलन सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बीते साल अगस्त में भी बादल फटने से कुल्लू में तीन लोगों की जान चली गई थी.
