
Ranchi. सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड को निवेशक केंद्र बनाने की कवायद शुरू कर दी है. इसे लेकर राज्य सरकार बड़ी तैयारियों में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, सीएम स्वीडन और स्पेन जाकर निवेशकों से मिलेंगे और उन्हें झारखंड आने का न्योता देंगे. उनके साथ 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी जायेगा. पहली कड़ी में 19 से 27 अप्रैल तक प्रतिनिधिमंडल स्वीडन व स्पेन के दौरे पर जायेगा.
इस प्रतिनिधिमंडल में सीएम के साथ मुख्य सचिव समेत विभिन्न विभागों के सचिव भी शामिल होंगे. इसके लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी गयी है. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड को एक प्रमुख निवेशक केंद्र यानी डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देना है. एक रणनीतिक पहल के तहत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के साथ-साथ दुनिया भर में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से मिलकर निवेश को आकर्षित करना है.
